गंगोलीहाट। गंगोलीहाट के महाकाली मंदिर में महाकाली रामलीला एवं सांस्कृतिक मंच की ओर से आयोजित होने वाली रामलीला की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। रामलीला मंचन को लेकर 10 अक्टूबर को आयोजित अंतिम तैयारी बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं और विभिन्न जिम्मेदारियों पर चर्चा कर रूपरेखा तय की गई। रामलीला का मंचन 15 अक्टूबर, गुरुवार को पंचमी से शुरू होगा। प्रतिदिन शाम आठ बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता संस्था के उपाध्यक्ष विजय साह ने की, जबकि संचालन सचिव गजेंद्र रावल ने किया। बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि के बाद कोषाध्यक्ष नरेश रावल ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। इस दौरान बताया गया कि तल्मोड़ अवशेष के तहत 46,458 रुपये और डायमंड बैंक में 1,63,882 रुपये जमा हैं। बैठक में रामलीला को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी सदस्यों से सहयोग की अपील की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने 50 दिनों तक चले तालीम सत्र में योगदान देने वाले निर्देशक, कलाकारों और सहयोगियों का आभार जताया। तालीम के दौरान निशुल्क आवास और बिजली की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विक्की साह और उनके परिवार की विशेष सराहना की गई। रामलीला के सफल संचालन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। मुख्य निर्देशन शंकर सिंह रावल संभालेंगे, जबकि लाइटिंग और साउंड की जिम्मेदारी आनंद के पास रहेगी। डोलिंग, आंतरिक एवं बाहरी व्यवस्था, कोष, मेकअप, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई के लिए अलग-अलग सदस्यों को दायित्व सौंपे गए हैं। मंच परिसर और बाजार क्षेत्र में प्रकाश तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए नगर पालिका से संपर्क किया जाएगा। वहीं, सुरक्षा प्रबंधों को लेकर उपजिलाधिकारी और पुलिस विभाग से पत्राचार किया जाएगा।
सचिव गजेंद्र रावल ने 50 दिनों की तालीम को सफल बनाने में योगदान देने वाले निर्देशक शंकर सिंह रावल, किशन उप्रेती, कैलाश सिंह, हारमोनियम मास्टर विशाल साह, ललित उप्रेती, हरगोविंद रावल, आनंद पांडे, विजय साह सहित सभी कलाकारों का आभार जताया। डोलिंग व्यवस्था का प्रभार भगवत रावल, प्रकाश रावल, कमल रावल और चंदन सिंह को दिया गया है। आंतरिक प्रस्तुतिकरण और व्यवस्था किशन उप्रेती, कैलाश खाती व राजेंद्र खाती के अधीन रहेगी। बाहरी व्यवस्था की जिम्मेदारी हुकुम मोहन सिंह रावल को सौंपी गई है। मुख्य निर्देशन पूर्व की भांति शंकर सिंह रावल का रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में उपजिलाधिकारी अंकित राज एवं पुलिस विभाग से पत्राचार किया जाएगा। कोष व्यवस्था का कार्य कमल किशोर रावल, जीवन नेगी, नीरज रावल आदि संभालेंगे। पर्दे की व्यवस्था पूर्ववत चंदन द्वारा की जाएगी। वक्ता मैनेजर के रूप में दीपक जोशी तथा सहवक्ता मैनेजर के रूप में किशन पाठक पाटिल व भंडारी पान सिंह कार्य करेंगे। मेकअप व्यवस्था त्रिभुवन बिष्ट, पप्पी रावल, संजय रावल, कमल रावल और नवीन उप्रेती द्वारा देखी जाएगी। विद्युत व्यवस्था की जिम्मेदारी गजेंद्र रावल और विजय साहू को दी गई है। मंच परिसर तथा बाजार क्षेत्र में प्रकाश व सुरक्षा व्यवस्था के लिए नगर पालिका परिषद गगौलीहाट से संपर्क किया जाएगा। कैंटीन व्यवस्था पूर्ववत रखी गई है। साफ-सफाई की जिम्मेदारी पूर्व की भांति भगवान रावल के पास रहेगी। गरुड़-राम मिलाप कार्यक्रम एवं झांकी व्यवस्था का दायित्व अध्यक्ष हेमराज रावल संभालेंगे। आयोजकों ने रामलीला को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की है।

