नई दिल्ली। महाराष्ट्र में शुक्रवार देर रात एक भयावह और दर्दनाक हादसा हुआ है, यहां नासिक जिले में एक कार अनियंत्रित होकर पानी से भरे कुएं में जा गिरी। इस हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा डिंडोरी शहर के शिवाजी नगर इलाके में हुआ। खबरों के मुताबिक सभी मृतक एक ही परिवार के थे और डिंडोरी गांव के रहने वाले थे। मृतकों में 7 से 14 साल की उम्र की पांच लड़कियां और 11 साल का एक लड़का भी शामिल है। जानकारी के मुताबिक दिंडोरीके शिवाजीनगर के राजे बैंक्वेट हॉल में वडजे क्लासेस की तरफ से वार्षिक समारोह आयोजित किया गया था। जहां इंदौरे गांव से सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े अपने परिवार के बच्चों को इस इवेंट में लेकर आए थे। इवेंट के बाद दिंडोरी से दरगोड़े परिवार कार से घर लौट रहा था, तभी ड्राइवर का कंट्रोल खो गया और कार सड़क किनारे पानी से भरे कुएं में गिर गई। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस, समाजसेवी, नगर पंचायत की फायर ब्रिगेड, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम मौके पर पहुंची और तुरंत बचाव का काम शुरू किया गया। चूंकि कुआं पूरी तरह से पानी से भरा हुआ था, इसलिए राहत के काम में बड़ी रुकावटें आईं। आधी रात को दो क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला गया। इस हादसे में कार से 9 लाशें निकाली गईं, जबकि कार से निकलकर कुएं में डूबी एक लड़की की लाश ढूंढने के लिए स्पेशल ऑपरेशन चलाया गया। हादसे में मरने वालों की पहचान 34 वर्षीय सुनील दत्तात्रेय दरगोड़े, उनकी पत्नी 30 वर्षीय रेशमा सुनील दरगोड़े, बेटी 10 वर्षीय राखी उर्फ गुणवंती और दो भतीजी माधुरी अनिल दरगोड़े, श्रवणी अनिल दरगोड़े के रूप में हुई है। इसके अलावा इस हादसे में आशा अनिल दरगोड़े, उनके बेटे श्रेयश अनिल दरगोड़े, बेटी सृष्टि अनिल दरगोड़े और भतीजी समृद्धि राजेश दरगोड़े की भी मौत हो गई। फिलहाल दिंडोरी पुलिस ने एक्सीडेंट का मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

