घातक हादसे के बाद ट्रक जलने से काशीपुर में तनाव

Blog
 Image

रुद्रपुर। काशीपुर में उस समय माहौल गरमा गया, जब सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत के बाद गुस्साई भीड़ ने 12 टायरा ट्रक को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है। बताते चलें कि काशीपुर के कुंडेश्वरी पुलिस चौकी क्षेत्र के ढकिया नंबर एक गांव निवासी 60 वर्षीय जयपाल सिंह सुबह अपने घर से बाइक पर सवार होकर किसी काम से निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से आ रहे खनन सामग्री से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि जयपाल सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जमा हो गए। मृतक की पहचान होते ही इलाके में शोक के साथ.साथ आक्रोश का माहौल बन गया। गुस्साए लोगों ने हादसे के लिए ट्रक चालक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए ट्रक को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कुंडेश्वरी चौकी पुलिस समेत काशीपुर कोतवाली से भारी पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हालात पर काबू पाया और आग पर काबू करने के लिए दमकल विभाग को भी बुलाया गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक मृतक जयपाल सिंह दूध का कारोबार करता था। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।