Tuesday, May 21, 2024
Google search engine
Homeउत्तराखंडजंगल में घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला! गांव...

जंगल में घास लेने गई महिला को गुलदार ने बनाया निवाला! गांव में दहशत

टनकपुर चम्पावत राष्ट्रीय राजमार्ग से लगे चम्पावत वन प्रभाग के बूम रेंज के जंगल में पशुओं के लिए 2 महिलाओं के साथ चारा लेने गई महिला को गुलदार ने मार डाला। मृतका गांव के ही सरकारी स्कूल में भोजन माता के कार्य में तैनात थी। वन विभाग ने महिला का शव बरामद कर लिया है, शव को पोस्टमार्टम के लिए टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया। घटना रविवार सुबह की है। सूखीढांग क्षेत्र के धूरा गजार गांव की निवासी चंद्रावती (40) पत्नी प्रकाश चंद्र शर्मा गांव की दो अन्य महिलाओं के साथ घर से करीब दो किमी दूर पूर्वी छीनी कंपार्टमेंट एक में पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थी। बताया गया कि सुबह करीब साढ़े दस बचे चारा काटते समय एकाएक गुलदार ने चंद्रावती पर हमला कर दिया। गुलदार महिला को करीब सौ मीटर दूर तक घसीट कर ले गया और मृतका का सिर धड़ से अलग कर दिया। चंद्रावती पर गुलदार का हमला होते ही साथ गई अन्य दो महिलाओं ने भागकर जैसे तैसे जान बचाई। दोनों महिलाओं की सूचना पर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे। बूम रेंज के वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन भी फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और घटना स्थल से कुछ दूर मृतका के शव को बरामद किया। वन क्षेत्राधिकारी गुलजार हुसैन ने बताया कि गुलदार ने मृतका का सिर धड़ से अलग कर दिया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल टनकपुर लाया गया। ग्राम प्रधान कमल किशोर ने बताया कि मृतका गजार राजकीय प्राथमिक विद्यालय में भोजन माता की जिम्मेदारी भी निभा रही थी। मृतका अपने पीछे पति दो पुत्रियों और दो पुत्रों को रोता बिलखता छोड़ गई है। इधर रेंजर गुलजार हुसैन ने बताया कि इस मामले में नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है और शीघ्र ही पीड़ित परिजनों को विभाग की ओर से चार लाख का मुआवजा प्रदान किया जाएगा। इस घटना से क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हमलावर गुलदार को शीघ्र पकड़े जाने की पुरजोर वकालत की है। मार्ग से 8 किमी शव निकालने में वन विभाग की टीम के साथ क्षेत्र के ग्रामीणों ने भी मदद की। ग्राम प्रधान कमल किशोर ने बताया कि घटना स्थल रोड हेड से करीब आठ किमी दूर था। मृतका का शव निकालने में उप प्रधान चंचल सिंह, केशव सिंह, बासुदेव जोशी, ग्राम प्रहरी दयानंद जोशी, रेंजर गुलजार हुसैन, डिप्टी रेंजर पीडी भट्ट आदि शामिल रहे।

सम्बंधित खबरें
- Advertisment -spot_imgspot_img

ताजा खबरें