चार जुलाई यानी आज से सावन की शुरुआत हो गई है। देहरादून में शिव के प्रिय सावन मास के पहले दिन शिवालयों में शिव भक्तों ने जलाभिषेक व दुग्धाभिषेक कर भोलेनाथ की पूजा की। देहरादून सहित उत्तराखंड भर के शिवालयों में शिव भक्तों की भीड़ है। वहीं कुछ भक्तों ने घर पर भी पार्थिव शिवलिंग बनाकर भगवान शिव की पूजा की। सावन के पहले दिन से धर्मनगरी हरिद्वार भोले के जयकारों से गूंजने लगी है। कांवड़ यात्रा मंगलवार से विधिवत तौर पर शुरू हो गई। आठ जुलाई से हरिद्वार मे कांवड़ यात्रा के लिए यातायात प्लान लागू कर दिया जाएगा। कांवड़ यात्रियों को अपने साथ पहचान पत्र रखना अनिवार्य किया गया है। 12 फीट से ऊंची कांवड़ लाने पर रोक रहेगी। भगवान शिव का पूजन में विशेष महत्व रखने वाला सावन माह आज यानी मंगलवार से शुरू हो गया है इस बार सावन 31 अगस्त तक रहेगा। हिंदू मान्यताओं के अनुसार सावन या श्रावण महीने में जो व्यक्ति भगवान शिव की पूजा सच्चे मन से करता है उसकी मनोकामनाएं जल्दी पूरी होती हैं। यह संयोग लगभग 19 वर्ष के बाद बना है।