विश्व प्रसिद्ध सिख तीर्थ स्थल श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर यात्रा की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को 20 मई 2026 को ऋषिकेश से रवाना होने वाले श्रद्धालुओं के पहले जत्थे के विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
ट्रस्ट के अध्यक्ष ने बताया कि हेमकुंड साहिब यात्रा 2026 का विधिवत शुभारंभ 20 मई को होगा। परंपरा के अनुसार, पंज प्यारों के नेतृत्व में तीर्थयात्रियों का पहला जत्था रवाना किया जाएगा। यह जत्था हिमालय की दुर्गम पहाड़ियों के बीच स्थित पवित्र धाम की ओर प्रस्थान करेगा। गुरुद्वारे के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ 23 मई 2026 को खोले जाएंगे। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। सीएम ने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की निरंतर निगरानी की जा रही है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि हेमकुंड साहिब की यात्रा को सफल, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सरकार हर संभव सहायता सुनिश्चित कर रही है ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बिंद्रा ने मुख्यमंत्री को यात्रा मार्ग पर बर्फ हटाने, रहने की व्यवस्था और लंगर सेवा से जुड़ी तैयारियों के बारे में भी अवगत कराया। प्रशासन ने भी सीमावर्ती क्षेत्रों और पैदल मार्ग पर मरम्मत कार्यों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 23 मई को कपाट खुलने के साथ ही 'जो बोले सो निहाल' के जयकारों से पूरी घाटी गूंज उठेगी।

