सांसद अजय भट्ट और विधायक मोहन बिष्ट की मौजूदगी में हल्द्वानी को मिला करोड़ों का विकास पैकेज

Blog
 Image

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 132 करोड़ 55 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 39 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 72 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा 60 करोड़ 17 लाख 56 हजार रुपये की लागत से 16 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से नैनीताल जनपद, विशेषकर हल्द्वानी क्षेत्र, विकास की नई रफ्तार पकड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “विकसित उत्तराखंड” के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है और विकास के साथ विरासत को भी आगे बढ़ा रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण कानून जैसे निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की संस्कृति और पवित्रता से किसी को खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा।

लोकार्पित योजनाओं में शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान का मोटर पुल, राजकीय औद्योगिक संस्थान हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब, कोटाबाग क्षेत्र के महादेवपुरम व झलुवाझाला में नलकूप निर्माण, बेलपोखरा और बैलपड़ाव में सिंचाई नलकूप शामिल हैं। इसके अलावा महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण, लालकुआं में नलकूपों पर स्टेबलाइजर की स्थापना तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत 14 पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें हरिपुर लच्छी, कालूपुर पोखरिया, जीतपुर रैक्वाल, देवलातल्ला, बसंतपुर, किशनपुर रैक्वाल, चोरगलिया आमखेड़ा जयराम परमा, हल्दूचौड़ जग्गी और अन्य गांव शामिल हैं। रामगढ़ पशु चिकित्सालय में भवन निर्माण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। शिलान्यास की गई 16 योजनाओं में कसियालेख-धारी मोटर मार्ग, रानीबाग-खुटानी मार्ग, चाफी-पदमपुरी-धानाचुली मार्ग सुधार, मोतियापाथर-शहरफाटक मार्ग, भेंटी दियारीखोली मोटर मार्ग, नवाबी रोड सीवरेज कार्य तथा 28 एमएलडी एसटीपी निर्माण प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त नारीमन तिराहे से गौलापुर तक सड़क मरम्मत, देवरामपुर-गौलागेट मार्ग सुधार, हल्दूचौड़ गौलारोड डीबीएम कार्य, चांदनी चौक से घुड़दौड़ मार्ग सुधार, वृंदावन विहार और पीपल पोखरा क्षेत्र में कार्य भी शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना (कुल लागत 154.43 करोड़ रुपये) का भूमि पूजन भी किया। यह परियोजना क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति को दीर्घकालिक समाधान प्रदान करेगी। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या, मेयर गजराज बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क, पेयजल, सिंचाई, स्वास्थ्य और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी इन परियोजनाओं के पूरा होने से हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और जनजीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं के माध्यम से कुमाऊं क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।