पर्वतीय जिलों में आधारभूत संरचना मजबूत करने पर सीएम धामी का जोर

Blog
 Image

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी जिले के चिन्यालीसौड़ पहुंचे, जहां उन्होंने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जनसभा में मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास, चारधाम यात्रा और आपदा प्रबंधन को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को विस्तार से रखा।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का संचालन सेना के माध्यम से करवाया जाएगा, जिससे सामरिक दृष्टि से क्षेत्र को मजबूती मिलेगी और आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम धामी ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं को बेहतर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आपदाओं का सामना करता रहा है, लेकिन प्रदेशवासियों के सहयोग और सरकार के प्रयासों से हर चुनौती को पार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।